कांवड़ यात्रा से पहले तैयारियों की पड़ताल, अफसरों ने किया बार्डर से लेकर रूट तक का निरीक्षण
सुशील शर्मा
हापुड़/अमरोहा। आगामी श्रावण माह में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, उपमहानिरीक्षक मेरठ रेंज और पुलिस अधीक्षक हापुड़ कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने अमरोहा बॉर्डर, बृजघाट और हापुड़ जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों का दौरा कर यात्रा मार्गों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण जैसी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीजी ने निर्देशित करते हुए कहा
"कांवड़ यात्रा प्रदेश की धार्मिक आस्था से जुड़ी है, इसे शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराना हमारी प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। सभी संवेदनशील बिंदुओं पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने स्पष्ट किया
"रूट के प्रत्येक सेक्टर की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि हर इलाके में समुचित प्रकाश, CCTV निगरानी, मेडिकल सहायता और ट्रैफिक कंट्रोल की व्यवस्था रहे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रेस्क्यू प्लान तैयार है।"
हापुड़ एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया
"जनपद हापुड़ में कांवड़ यात्रा के सभी प्रमुख मार्गों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। थाना स्तर पर समन्वय समितियाँ बनाई गई हैं जो प्रशासन और श्रद्धालुओं के बीच सेतु का कार्य करेंगी। हमारा प्रयास है कि कांवड़ यात्री बिना किसी बाधा के अपनी यात्रा पूरी करें।"

Post a Comment