धौलाना में भीषण गर्मी से चरमराई विद्युत व्यवस्था, ग्रामीण परेशान
आरिफ कस्सार
धौलाना। क्षेत्र में लगातार बढ़ते तापमान और अधिक लोड के चलते बुधवार को धौलाना की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से प्रभावित रही, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे गंभीर स्थिति धौलाना बस अड्डे पर देखने को मिली, जहां बिजली के तारों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
तहसील कार्यालय की विद्युत आपूर्ति दिनभर पूरी तरह ठप रही। वहीं दीवानी फौजदारी व राजस्व बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अत्यधिक गर्मी और बिजली की अनियमितता को देखते हुए बृहस्पतिवार से कोई भी प्रतिकूल आदेश पारित न करने का प्रस्ताव पारित किया है। एसोसिएशन के सचिव संदीप गर्ग ने जानकारी दी कि वादकारियों को गर्मी और बिजली संकट के कारण गंभीर परेशानी हो रही है, अतः 1 जुलाई तक न्यायालय से कोई भी प्रतिकूल आदेश पारित न करने का निवेदन किया गया है।
एसडीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि अत्यधिक तापमान और ओवरलोड के चलते बार-बार फॉल्ट हो रहे हैं। "एक फॉल्ट को ठीक करते हैं, तो दूसरी जगह फॉल्ट हो जाता है," उन्होंने कहा। इसके बावजूद विद्युत विभाग की टीम दिन-रात आपूर्ति बहाल करने का प्रयास कर रही है।
स्थानीय नागरिकों ने जल्द समाधान की मांग करते हुए विभाग से राहत देने की अपील की है। गर्मी के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त है और विद्युत आपूर्ति बहाल होने तक संकट की स्थिति बनी रहेगी।

Post a Comment