उद्योग बंधु बैठक में डीएम सख्त: जल्द सुधरेगी सड़क, जलनिकासी और बिजली व्यवस्था
सुशील शर्मा
हापुड़ - कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े बुनियादी समस्याओं पर चर्चा की गई और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एम.जी. रोड औद्योगिक क्षेत्र में सड़क और नाले के निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने हेतु जिलाधिकारी ने वरिष्ठ प्रबंधक, यूपीसीडा को निर्देश दिए। वहीं धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान हेतु लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और जिला पंचायत की संयुक्त टीम गठित कर तकनीकी सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम अभिषेक पांडेय ने धीरखेड़ा में ट्रांसफॉर्मर लगाने के लिए संबंधित संस्था को 10 दिन का समय देते हुए बाबूगढ़ क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति में आ रही बाधा को तत्काल दूर करने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फैक्ट्रियों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से उत्पादन प्रभावित होता है, जिसे प्राथमिकता पर सुधारा जाना चाहिए। बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि धीरखेड़ा को जनपद हापुड़ में शामिल करने की प्रक्रिया शासन स्तर पर विचाराधीन है, और प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को निर्देश देते हुए कहा कि जनपद की समस्त फैक्ट्रियों में दुर्घटना रोकथाम के लिए सेफ्टी साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा समय-समय पर फैक्ट्री निरीक्षण भी किया जाए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, विद्युत विभाग, यूपीसीडा के अधिकारी, विभिन्न उद्योग संघों के पदाधिकारी और स्थानीय उद्यमी उपस्थित रहे।

Post a Comment