जनप्रतिनिधियों संग एसपी की गोष्ठी, कानून-व्यवस्था व जनसमस्याओं पर हुआ मंथन
सुशील शर्मा
हापुड़। पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह द्वारा पुलिस कार्यालय में जनपद के जनप्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र की जनसमस्याओं, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की स्थिति और शांति व्यवस्था बनाए रखने संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
गोष्ठी में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। एसपी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि आमजन की सुरक्षा और अपराध पर अंकुश लगाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस सतत रूप से सजग और सक्रिय है।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की भूमिका स्थानीय स्तर पर कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पुलिस और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल देते हुए आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों को गंभीरता से अमल में लाया जाएगा। गोष्ठी में संबंधित थानों के अधिकारीगण भी मौजूद रहे और विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्ययोजना साझा की गई।

Post a Comment