Top News

पिलखुवा पालिका के सभासदों के साथ डीएम ने की जनसुनवाई

पिलखुवा पालिका के सभासदों के साथ डीएम ने की जनसुनवाई

सुशील शर्मा 

हापुड़ - नगर पालिका परिषद पिलखुवा के वार्ड सभासदों की समस्याओं को सुनने के लिए जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई में सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिनमें जल निकासी, पेयजल आपूर्ति, अतिक्रमण और शौचालय निर्माण प्रमुख मुद्दे रहे।

पानी की टंकियों के खराब वॉल से परेशान जनता

सभासदों ने बताया कि कई इलाकों में जल आपूर्ति बाधित है क्योंकि पानी की टंकियों के वॉल खराब हो चुके हैं। इससे जनता को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा। जिलाधिकारी ने जल निगम व पालिका विभाग को निर्देशित किया कि संबंधित वॉल की अविलंब मरम्मत कराई जाए।


बाजार में अतिक्रमण और पार्किंग बना सबसे बड़ा संकट

जनसुनवाई में बाजार क्षेत्र में वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण को लेकर भी शिकायतें सामने आईं। सभासदों ने बताया कि इससे खरीदारी के दौरान आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। डीएम ने अधिशासी अधिकारी को व्यवस्थित पार्किंग प्लान तैयार कर रिपोर्ट देने को कहा।

वार्ड 12 में जलभराव से स्कूल जाने में बच्चों को हो रही दिक्कत

वार्ड संख्या 12 के सभासद ने बताया कि गली में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण जलभराव की स्थिति बनी रहती है। गली में स्थित दो प्राथमिक विद्यालयों में आने-जाने वाले बच्चों को परेशानी हो रही है। जिलाधिकारी ने मौके का निरीक्षण कर तुरंत कार्यवाही करने के निर्देश दिए।


कनखड़ी गांव में तालाब पर अवैध कब्जा, डीएम ने दिए जांच के आदेश

वार्ड संख्या 6 के सभासद ने ग्राम कनखड़ी में स्थित तालाब पर अवैध कब्जे की शिकायत की। जिलाधिकारी ने तहसीलदार व लेखपाल को स्थलीय जांच कर कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए।

महिला व सामुदायिक शौचालय निर्माण की मांग

सभासदों ने मुख्य बाजार क्षेत्र में महिला और सामुदायिक शौचालय के निर्माण की आवश्यकता जताई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को स्थान चिह्नित कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान नगर पालिका परिषद पिलखुवा की चेयरमैन, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नरेश तोमर, अधिशासी अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी और सभी सभासद गण उपस्थित रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post