Top News

ग्राम डहाना में लगी जन चौपाल, डीएम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, लेखपाल निलंबित



ग्राम डहाना में लगी जन चौपाल, डीएम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, लेखपाल निलंबित

हापुड़ - जनपद हापुड़ के विकासखंड अंतर्गत ग्राम डहाना में सोमवार को जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान द्वारा आयोजित इस जन चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुनकर तत्काल निस्तारण करना रहा।

चौपाल में जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश भी जारी किए गए।

ग्रामीणों ने बताईं ये समस्याएं:

जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने डीएम को पानी की उपलब्धता, बिजली कटौती, शौचालयों की सफाई, स्कूल भवनों की जर्जर हालत, शमशान घाट का पुनर्निर्माण, सड़कों की मरम्मत और पानी निकासी जैसी मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया।

लेखपाल पर कार्रवाई, तत्काल सस्पेंड

एक अहम शिकायत खसरा-खतौनी की नकल के लिए तयशुदा शुल्क से अधिक धनराशि वसूलने को लेकर की गई। शिकायत की पुष्टि होते ही जिलाधिकारी ने तत्काल लेखपाल को निलंबित कर दिया और एसडीएम हापुड़ को मामले की जांच कर रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए।


स्वास्थ्य व पोषण पर भी दिया गया जोर

डीएम ने सीएमओ और ग्राम प्रधान को निर्देशित किया कि एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से बच्चों के नियमित टीकाकरण का विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कुपोषित बच्चों को पोषित की श्रेणी में लाने के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही।

पानी की टंकी और सफाई व्यवस्था पर भी दिए निर्देश

गांव में लीकेज हो चुकी पानी की टंकी की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम सचिव व ग्राम प्रधान को गांव में नाली और तालाबों की सफाई नियमित रूप से कराने को कहा।

चौपाल में उपस्थित रहे अधिकारी

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गौतम, उप जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी हापुड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

डीएम अभिषेक पांडेय ने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जनचौपाल में मिली समस्याओं का समाधान तय समयसीमा के भीतर होना चाहिए। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



Post a Comment

Previous Post Next Post