जगन्नाथ यात्रा व मोहर्रम से पहले प्रशासन की सख्ती! ड्रोन उड़ाए, रूट पर डीएम-एसपी का मार्च, हर गतिविधि पर पैनी नजर
सुशील शर्मा
हापुड़ - आगामी श्री जगन्नाथ यात्रा एवं मोहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पर्वों के मद्देनज़र जिलाधिकारी अभिषेक पांडे एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बुधवार को हापुड़ नगर क्षेत्र में निकलने वाले जुलूस मार्गों का पैदल मार्च कर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रास्तों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया।
अधिकारियों ने केवल भौतिक निरीक्षण ही नहीं किया, बल्कि आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया गया। ड्रोन कैमरे की मदद से पूरे मार्ग की निगरानी की गई, जिससे किसी भी प्रकार की अड़चन या संभावित संवेदनशील स्थानों की पहचान की जा सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जगन्नाथ यात्रा व मोहर्रम के जुलूस पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएं, किसी भी स्थिति में नई परंपरा न डाली जाए। उन्होंने साफ कहा कि शांति, कानून व्यवस्था और सौहार्द बनाए रखना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सघन चेकिंग, CCTV निगरानी, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी अफवाह या भ्रामक पोस्ट पर ध्यान न दें, और कोई भी आपत्तिजनक गतिविधि दिखे तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
इस निरीक्षण अभियान में नगर पालिका, विद्युत विभाग, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, होमगार्ड्स सहित तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment