अंबेडकर तिराहे पर बाइक चोर रंगे हाथों पकड़ा, पुलिस को सौंपा
हापुड़ कचहरी से एक बाइक चुराने के बाद दूसरी पर कर रहा था हाथ साफ, मास्टर चाबी से खोल रहा था लॉक
सुशील शर्मा
हापुड़ - शहर के आंबेडकर तिराहे पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक शातिर बाइक चोर को लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपित पहले हापुड़ कचहरी के बाहर से एक स्पलेंडर बाइक चुरा चुका था और चोरी की गई बाइक से आंबेडकर तिराहे तक पहुंचा था। इसके बाद उसने दूसरी बाइक चुराने की कोशिश की, लेकिन सतर्क बाइक मालिक ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
मास्टर चाबी से कर रहा था दूसरी बाइक खोलने की कोशिश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चोर पहले से चोरी की गई स्पलेंडर बाइक को एक किनारे खड़ा कर दूसरी बाइक में मास्टर चाबी डालकर लॉक खोलने का प्रयास कर रहा था। जब चाबी से ताला नहीं खुला तो उसने लॉक के साथ जबरदस्ती करना शुरू कर दिया। तभी वहां मौजूद बाइक मालिक की नजर उस पर पड़ी और उसने बिना समय गंवाए उसे धर दबोचा।
112 पर डायल कर पुलिस को बुलाया, चोर को सौंपा
मौके पर भीड़ जमा होते ही तुरंत 112 नंबर डायल कर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चोर को अपनी हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी धौलाना क्षेत्र का रहने वाला है और पहले भी चोरी की वारदातों में शामिल रह चुका है।
जनता की सतर्कता और पुलिस की तत्परता ने बचाई बड़ी वारदात
इस पूरी घटना में जहां एक ओर बाइक मालिक की सजगता ने एक और बाइक चोरी होने से बचा लिया, वहीं दूसरी ओर हापुड़ पुलिस की तत्परता ने चोर को तुरंत काबू कर बड़ी राहत दी। पुलिस अधिकारियों ने बाइक मालिक की सराहना करते हुए कहा कि "जनभागीदारी और सतर्कता अपराध नियंत्रण में बहुत कारगर है।"

Post a Comment