दीवार में कुमल कर घुसे चोर, श्री कंठ ऑयल मिल में मचाया आतंक
सीसीटीवी में कैद हुआ एक चोर का चेहरा, इन्वर्टर बैट्रा ले उड़े, पुलिस जांच में जुटी
सुशील शर्मा
हापुड़ - मोदीनगर रोड स्थित श्री कंठ ऑयल मिल में रविवार देर रात तीन शातिर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दीवार में कुमल कर मील के भीतर दाखिल हुए और सीसीटीवी कैमरे को तोड़ने की कोशिश के दौरान कैमरे में ही कैद हो गए। वारदात के दौरान चोर इन्वर्टर बैट्रा ले उड़े और मील को आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
मामला बदेसदा स्कूल के पास स्थित श्री कंठ ऑयल मिल का है। देर रात एक चोर दीवार में कुमल कर ऑयल मील के भीतर घुसा और दरवाजा खोलकर अपने दो साथियों को अंदर बुला लिया। मिल में घुसते ही चोरों की नजर सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी। कैमरे में कैद होने से बचने के लिए एक चोर ने अपनी टीशर्ट उतारकर दूसरे को दी, जिससे मुंह ढककर वह कैमरे की दिशा बदल सके। मगर जैसे ही उसने कैमरे की तरफ देखा, उसका चेहरा साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गया।
इसके बाद तीनों चोरों ने मिल में जमकर उत्पात मचाया और अंततः इन्वर्टर बैट्रा चुराकर फरार हो गए। वहीं, सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया गया जिससे रिकॉर्डिंग रुक जाए, लेकिन तब तक फुटेज में सबकुछ कैद हो चुका था।
मिल मालिक ने बताया कि चोरी की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। सीसीटीवी फुटेज में एक चोर का चेहरा साफ नजर आ रहा है, जिसके आधार पर गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज की जा रही है।

Post a Comment