राजा जी की हवेली पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने 30 वर्षीय युवक को रौंदा, मौके पर मौत
सुशील शर्मा
हापुड़ (बाबूगढ़), रविवार रात जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध “राजा जी की हवेली” होटल पर रविवार रात करीब 10:17 बजे एक हृदयविदारक हादसा हो गया। हादसे में होटल के बाहर बैठा एक करीब 30 वर्षीय युवक तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, रोजाना हजारों लोग भोजन के लिए इस होटल पर आते हैं और सैकड़ों वाहन पार्किंग क्षेत्र में खड़े रहते हैं। हादसे के समय एक स्विफ्ट कार होटल की पार्किंग में दाखिल हो रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक ने गलती से ब्रेक की जगह एक्सीलरेटर पर पैर रख दिया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सीधे होटल की ओर दौड़ गई।
सीसीटीवी में कैद हुआ भयावह दृश्य
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि अनियंत्रित स्विफ्ट कार तेज रफ्तार में एक व्यक्ति को उड़ा कर सीधे होटल की एंट्री तक जा पहुंचती है। मृत युवक अपनी पत्नी के साथ होटल के बाहर बनी राउंड सेटी पर बैठा हुआ था। इसी दौरान अनियंत्रित कार ने उसे जबरदस्त टक्कर मार दी।
चालक मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर बाबूगढ़ थाना प्रभारी महेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment