एम जी रोड औद्योगिक क्षेत्र खिचरा में जलभराव और गंदगी से हाहाकार, पार्क भी बदहाली के शिकार
फैज़ चौधरी (धौलाना संवाददाता)
धौलाना (हापुड़) - जनपद हापुड़ के मसूरी-गुलावटी रोड स्थित एम जी रोड औद्योगिक क्षेत्र (यूपीएसआईडीसी, खिचरा) में इन दिनों जलभराव और बदहाल व्यवस्था के चलते हालात बद से बदतर हो गए हैं। बारिश हो या न हो, यहां की टूटी-फूटी सड़कों, गंदगी से बजबजाते नालों और पार्कों में भरे जहरीले केमिकल युक्त पानी ने क्षेत्र को बीमारियों का अड्डा बना दिया है।
कई जगहों पर घुटनों तक पानी, निकासी का कोई इंतज़ाम नहीं
एम जी रोड स्थित इस औद्योगिक क्षेत्र में करीब 1700 से अधिक कारखाने संचालित हैं, लेकिन कहीं भी पानी की निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। नतीजा यह कि कारखानों से निकलने वाला केमिकल युक्त गंदा पानी सीधे सड़कों पर बहता है और जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन जाती है।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों को इस गंदगी से होकर आना-जाना पड़ता है, जिससे संक्रमण, फंगल इन्फेक्शन और अन्य बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है।
पार्क बने जहर के तालाब, टूटे बिजली के खंभे बन रहे जानलेवा खतरा
औद्योगिक क्षेत्र में बने सभी पार्क बिलकुल बेकार और उपेक्षित हालत में हैं। पार्कों में बिजली के टूटे खंभे, लटके हुए तार, और केमिकल युक्त पानी से भरे गड्ढे अब किसी हादसे को न्योता दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार आवारा पशु या पक्षी जब इन पार्कों में भरे पानी को पीते हैं, तो वहीं दम तोड़ देते हैं, जिससे केमिकल की गंभीरता और जहरीलापन स्पष्ट होता है।
गंदगी से फैल रही बदबू और बीमारी
क्षेत्र की सभी नालियों में पानी भरा है, जो महीनों से साफ नहीं की गईं। भयंकर दुर्गंध पूरे औद्योगिक क्षेत्र में फैली हुई है, जिससे स्थानीय कामगारों, फैक्ट्री कर्मचारियों और आसपास के निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय प्रशासन से नाराज़गी, कोई सुनवाई नहीं
औद्योगिक क्षेत्र में फैले इस गंदगी और बदइंतजामी के खिलाफ स्थानीय कारोबारी, मजदूर और नागरिकों में भारी रोष है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी यूपीएसआईडीसी और स्थानीय निकाय कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।

Post a Comment