जनता से की सतर्कता और सहयोग की अपील, झूठी सूचना पर हो सकती है जेल
न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा
हापुड़ - पिछले कुछ दिनों से जनपद हापुड़ में रात्रि के समय ड्रोन उड़ने की सूचनाओं के बीच आमजन के बीच भ्रम और भय का माहौल बना हुआ है। इन अफवाहों में यह कहा जा रहा है कि चोर गिरोह रात में ड्रोन से रेकी कर रहे हैं। इसको लेकर कई जगहों पर दहशत का माहौल भी देखने को मिला।
हालांकि, हापुड़ पुलिस ने इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि अभी तक ऐसी कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है जिससे यह साबित हो सके कि अपराधी ड्रोन के जरिये रेकी कर रहे हैं। पुलिस द्वारा प्राप्त सूचनाओं का गहराई से विश्लेषण किया गया है और इन घटनाओं को चार श्रेणियों में विभाजित किया गया है
1. शरारती तत्वों की करतूत: कुछ लोग जानबूझकर अफवाह फैलाने के लिए ड्रोन उड़ा रहे हैं।
2. खिलौनों से भ्रम: कई बार खिलौना हेलिकॉप्टरों की रोशनी को लोग ड्रोन समझ लेते हैं।
3. हवाई जहाज की रोशनी: ऊँचाई पर उड़ते विमान की लाईट को भी कई बार ड्रोन समझ लिया जाता है।
4. कथनों पर अफवाह: कभी-कभी किसी एक व्यक्ति द्वारा "ड्रोन दिखा" कह देने पर अफवाह फैल जाती है, भले ही अन्य किसी ने कुछ न देखा हो।
ड्रोन से चोरी की संभावना पर भी उठाए सवाल
पुलिस ने तर्क देते हुए बताया कि यदि कोई चोर ड्रोन से रेकी करता है और उससे लोग जाग जाते हैं, तो उसकी मंशा विफल हो जाएगी। साथ ही, रात के अंधेरे में ड्रोन से उपयोगी वीडियो बनाना भी मुश्किल होता है। ऐसे में इन अफवाहों पर विश्वास करना उचित नहीं है।
जनता से अपील – क्या करें, क्या न करें
पुलिस ने आमजन से संयम और सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा
ये करें
घबराएं नहीं, शांति बनाए रखें।
किसी संदिग्ध वस्तु (ड्रोन जैसी) को देखने पर तुरंत 112 या नजदीकी थाना/पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9454405126 पर संपर्क करें।
ड्रोन की दिशा और उड़ान पैटर्न को नोट करें।
फोटो/वीडियो समय व स्थान के साथ भेजें।
सीसीटीवी कैमरे लगवाएं, ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पहले भी सफलता मिली है।
ये न करें
सुनी-सुनाई बातों को बिना पुष्टि के आगे न बढ़ाएं।
पुराने फोटो/वीडियो को नई घटना बताकर शेयर न करें।
सनसनी फैलाने के लिए सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट न करें।
संदिग्ध व्यक्ति को खुद पकड़ने का प्रयास न करें, तुरंत पुलिस को सूचना दें।
अब तक की पुलिस कार्यवाही
ग्रामीण क्षेत्रों में जनसभाएं आयोजित कर जनजागरूकता फैलाई गई।
रात्रि गश्त को अधिक सघन और प्रभावी बनाया गया।
ड्रोन संबंधित हर सूचना का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है।
ड्रोन धारकों का सत्यापन शुरू।
हर थाना क्षेत्र में "ग्रामीण सूचना व्हाट्सएप ग्रुप" सक्रिय।
तकनीकी सर्विलांस के जरिए भी निगरानी बढ़ाई गई।
अफवाह फैलाकर की गई मारपीट पर केस दर्ज
थाना सिम्भावली में एक विक्षिप्त व्यक्ति के साथ 30-40 लोगों द्वारा मारपीट के मामले में केस दर्ज किया गया है। मुकदमा अपराध संख्या 241/25 अंतर्गत धारा 191(2), 115(2), 352, 351(2), 351(3) बीएनएस व थाना हापुड़ नगर पर मु० अ० सं० 467/25 में भी कार्रवाई की गई है।
ड्रोन धारकों के लिए जरूरी निर्देश
250 ग्राम से अधिक वजन वाले ड्रोन का पंजीकरण Digital Sky Platform पर अनिवार्य।
Drone Rules 2021 के तहत किसी भी व्यक्ति या संपत्ति को खतरा पहुंचाना गैरकानूनी।
उल्लंघन पर ₹1 लाख तक जुर्माना और भारतीय न्याय संहिता के तहत कानूनी कार्यवाही संभव।
अंत में, हापुड़ पुलिस की जनता से अपील
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। कोई भी सूचना साझा करने से पहले उसकी पुष्टि करें। अफवाह फैलाने वालों से सतर्क रहें, और पुलिस को सहयोग करें। हम हर स्थिति में आपकी सेवा के लिए तत्पर हैं।”
📞 पुलिस हेल्पलाइन: 112
📱 कंट्रोल रूम नंबर: 9454405126 (व्हाट्सएप पर फोटो/वीडियो भेजें)








Post a Comment