रिलायंस रोड पर हुई लूट का पुलिस ने किया खुलासा, पिलखुवा पुलिस की बड़ी कामयाबी
न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा
पिलखुवा - थाना पिलखुवा पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो शातिर लुटेरों को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर एक बड़ी लूट की घटना का खुलासा किया है। बदमाशों के कब्जे से लूट की 7,40,000 रुपये नकद, अवैध हथियार, कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त टोयोटा कार बरामद हुई है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात थाना पिलखुवा पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान रिलायंस रोड पर पुलिस को एक संदिग्ध टोयोटा कार नजर आई। जब पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए। घायल बदमाशों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान नईम पुत्र यामीन निवासी कुशलिया, थाना मसूरी, जनपद गाजियाबाद और इंदजीत पुत्र रघुवर निवासी त्रिलोकपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने 21 जुलाई को थाना पिलखुवा क्षेत्रांतर्गत रिलायंस रोड पर हुई 7.40 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिनके खिलाफ पहले से ही मारपीट, धोखाधड़ी, चोरी, लूट, डकैती व आर्म्स एक्ट के डेढ़ दर्जन से अधिक मामले पंजीकृत हैं।
एसपी हापुड़ के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान में यह सफलता मिली है। फिलहाल पुलिस घायलों का इलाज करवा रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।







Post a Comment