Top News

किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल


बिजली संकट, खाद की कालाबाजारी और वादाखिलाफी के खिलाफ गरजे कांग्रेसी, कहा- नहीं सुधरी सरकार तो होगा जेल भरो आंदोलन

न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा 

हापुड़ - उत्तर प्रदेश में किसानों को मुफ्त बिजली, खाद की आपूर्ति, फसलों को पर्याप्त पानी न मिलने और बिजली संकट जैसे मुद्दों को लेकर मंगलवार को हापुड़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। गांधी प्रतिमा स्थित धरना स्थल पर एकत्र होकर कांग्रेसजनों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बाद में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी और शहर अध्यक्ष इरफान कुरैशी ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों से किए गए वादों को पूरी तरह भुला दिया है। सत्ता में आने से पहले किसानों की आय दोगुनी करने और मुफ्त बिजली देने का दावा किया गया था, लेकिन आज हकीकत इससे कोसों दूर है।

राकेश त्यागी ने कहा, “किसानों की हालत बद से बदतर होती जा रही है। बिजली की कटौती आम हो चुकी है, जिससे किसानों को सिंचाई तक मयस्सर नहीं हो पा रही है। भाजपा सरकार का ‘24 घंटे बिजली’ का वादा महज एक जुमला बनकर रह गया है।”

वहीं, शहर अध्यक्ष इरफान कुरैशी ने कहा, “प्रदेश में यूरिया खाद की किल्लत और कालाबाजारी चरम पर है। किसानों को उनकी जरूरत के मुताबिक खाद तक नहीं मिल पा रही। सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है और किसानों की पीड़ा को नजरअंदाज कर रही है।”


कांग्रेसजनों ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करेगी और जरूरत पड़ने पर जेल भरो आंदोलन भी चलाया जाएगा।

प्रदर्शन में ये नेता और कार्यकर्ता रहे शामिल

पूर्व जिलाध्यक्ष सैय्यद अयाजुद्दीन, विधि विभाग जिला चेयरमैन रघुवीर सिंह एडवोकेट, अनुशासन समिति चेयरमैन अरविंद शर्मा, सभासद सुशील शास्त्री, डॉ. वीसी शर्मा, गढ़ ब्लॉक अध्यक्ष बिजेंद्र त्यागी, सीमा शर्मा, इकबाल प्रधान, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुशील शर्मा, वाई.के. शर्मा, भरत लाल शर्मा, विक्की शर्मा, सुबोध शास्त्री, गौरव गर्ग, सरला देवी, सुशीला, मोहिनी सिंह, अनुज कुमार एडवोकेट, धर्मेंद्र कश्यप, आकाश त्यागी, राहत चौधरी, कुसुम लता, पूरन मल आनंद, गुलफाम कुरैशी, नरेश भाटी, खुशनूद, जस्सा सिंह, मो. अफजाल, यशपाल ढिल्लो, देवेंद्र कुमार, रवींद्र जयंत, गोपाल भारती समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।








Post a Comment

Previous Post Next Post