Top News

हैदरपुर में बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग की अफवाह ने किया माहौल गर्म, पुलिस ने दी सख्त चेतावनी


न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा 

गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़) गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र इन दिनों अफवाहों के जाल में उलझा नजर आ रहा है। बीते कुछ दिनों से आसमान में संदिग्ध ड्रोन उड़ने की खबरों ने लोगों को भयभीत कर दिया है। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब इन उड़ते हुए ड्रोन को क्षेत्र में हुई चोरियों से जोड़कर भ्रम फैलाया गया कि चोर गिरोह ड्रोन से पहले रेकी करते हैं और फिर वारदात को अंजाम देते हैं।

इन अफवाहों का असर इतना अधिक हुआ कि गांव-गांव में लोग रात भर लाठी-डंडों के साथ पहरा देने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक स्थिति स्पष्ट नहीं होती, वे खुद अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।

हैदरपुर गांव में अफवाह से मचा हड़कंप

शनिवार देर रात गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव हैदरपुर में एक बड़ी अफवाह ने माहौल को और भी तनावपूर्ण बना दिया। सूत्रों के अनुसार, गांव में एक झोले में किसी ग्रामीण की बैंक पासबुक मिली, और उसी झोले के पास एक आसमानी रंग की पिन्नी में एक अवैध तमंचा बरामद हुआ।

झोला मिलने के बाद यह अफवाह फैली कि कुछ बदमाशों ने गांव में हमला कर दिया और गोलीबारी की। यह भी कहा गया कि बदमाश गांव वालों के डर से भाग निकले और अपना झोला मौके पर छोड़ गए। देखते ही देखते यह सूचना पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ जमा हो गए।

हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि फायरिंग जैसी कोई घटना नहीं हुई है और न ही किसी संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया। फिर भी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए झोले और हथियार की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की सख्त अपील : अफवाह फैलाने वालों को नहीं बख्शा जाएगा

गढ़मुक्तेश्वर थाना प्रभारी नीरज कुमार मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया-बुझाया। थाना प्रभारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि "अफवाह फैलाना कानूनन अपराध है, और ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

हापुड़ पुलिस ने भी जनपद स्तर पर आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।

ड्रोन की अफवाहों को लेकर विशेष जांच में जुटी पुलिस

पुलिस प्रशासन ड्रोन की घटनाओं को लेकर भी गंभीरता से जांच कर रहा है। पुलिस द्वारा तकनीकी टीम की मदद से आसमान में दिखने वाले कथित ड्रोन की सत्यता की जांच की जा रही है। अब तक की जांच में कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि कुछ तत्व जानबूझकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं।






Post a Comment

Previous Post Next Post