न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा
हापुड़ - विकास खंड हापुड़ के ग्राम भमैड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शनिवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विद्यालय की छत का प्लास्टर अचानक गिर जाने से दो मासूम बच्चे चोटिल हो गए। घटना सुबह करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है, जब बच्चे कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे। प्लास्टर गिरने से हुए हादसे में दो बच्चों को हल्की चोटें आईं।
हादसे की जानकारी मिलते ही विद्यालय स्टाफ ने घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिलाया और परिजनों को सूचित करते हुए बच्चों को सकुशल घर भिजवाया।
जिलाधिकारी अभिषेक पांडे ने लिया घटनास्थल का जायजा
जिलाधिकारी अभिषेक पांडे ने तत्परता दिखाते हुए प्राथमिक विद्यालय भमैड़ा का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने न केवल विद्यालय भवन की स्थिति का गहनता से अवलोकन किया, बल्कि घायल बच्चों और उनके परिजनों से भी मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। डीएम ने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और बच्चों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
48 घंटे में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश, समिति गठित
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से एक त्रिस्तरीय जांच समिति का गठन किया है। समिति में उप जिलाधिकारी हापुड़, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, और खंड विकास अधिकारी हापुड़ को शामिल किया गया है।
समिति को निर्देशित किया गया है कि वे प्राथमिक विद्यालय भमैड़ा का स्थलीय निरीक्षण कर यह अवगत कराएं कि विद्यालय भवन की वर्तमान भौतिक स्थिति क्या है, और इसे फिटनेस प्रमाण पत्र किस अधिकारी द्वारा, किन परिस्थितियों में निर्गत किया गया। साथ ही, दोषियों की पहचान कर 48 घंटे के भीतर संयुक्त जांच आख्या प्रस्तुत की जाए।
बच्चों की पढ़ाई न हो बाधित, डीएम ने दिए निर्देश
डीएम अभिषेक पांडे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्राथमिक विद्यालय भमैड़ा में बच्चों की पढ़ाई किसी भी सूरत में बाधित नहीं होनी चाहिए। जब तक विद्यालय भवन पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं हो जाता, तब तक ग्राम पंचायत स्तर पर किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।







Post a Comment