News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 18 माह का एक मासूम पहली मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने से बच्चे की मौत हो गई। मामले में मृतक के पिता दादी और चाचा ने उसकी मां पर ही जानबूझकर छत से फेंकने का आरोप लगाकर हड़कंप मचा दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मजीदपुरा निवासी वसीम कबाड़ का काम करता है और अपने परिवार के साथ हापुड़ शहर में किराए के मकान में रहता है। परिवार में पत्नी शबाना, तीन साल की एक बेटी और 18 माह का बेटा आहद था। सोमवार को शबाना रसोई में काम कर रही थी, तभी अचानक आहद खेलते-खेलते छत के किनारे पहुंच गया और नीचे गिर पड़ा।
शबाना का कहना है कि हादसा अचानक हुआ, जबकि मृतक की दादी और चाचा का आरोप है कि पारिवारिक कलह के चलते शबाना ने गुस्से में आकर बच्चे को नीचे फेंक दिया।
गंभीर रूप से घायल बच्चे को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों और मोहल्ले के लोगों से पूछताछ कर दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह महज हादसा था या किसी अन्य वजह से मौत हुई। फिलहाल सभी पहलुओं पर गहराई से जांच की जा रही है।







Post a Comment