News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - गढ़ रोड थाना देहात क्षेत्र की शामें अब केवल ट्रैफिक के जाम से ही नहीं, बल्कि शराब के जाम से भी जूझ रही हैं। सूरज ढलते ही सड़क किनारे खुलेआम बोतलें खुलने लगती हैं और जाम पर जाम टकराने का सिलसिला शुरू हो जाता है। हालत यह है कि नशे की खुमारी चढ़ते ही मामूली कहासुनी मारपीट में बदल जाती है और महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाएं भी आम हो गई हैं।
इसी बिगड़ते माहौल पर अंकुश लगाने के लिए थाना देहात प्रभारी विजय कुमार ने रविवार शाम सख्त रुख अपनाया। रोजाना की तरह गश्त पर निकले प्रभारी जैसे ही गढ़ रोड पहुंचे, वहां का मंजर देख भौंचक्के रह गए। सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थान पर दर्जनों लोग खुलेआम शराब के गिलास थामे हंसी-ठिठोली में लगे थे। और ऊंची आवाज़ में गालियां गूंज रही थीं।
विजय कुमार ने फौरन अपनी टीम को इशारा किया और कार्रवाई शुरू हो गई। पुलिस ने मौके पर ही चारों ओर से घेराबंदी कर शराब के नशे में चूर 30 लोगों को दबोच लिया। उनके पास से शराब की बोतलें और गिलास भी बरामद किए गए। पकड़े गए सभी आरोपियों को थाने ले जाकर मेडिकल कराया गया और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी विजय कुमार ने कहा, "सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना और अशांति फैलाना किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खासकर महिलाओं की सुरक्षा में किसी तरह की चूक नहीं होने दी जाएगी।"
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कहा कि अगर ऐसे ही सख्ती बरकरार रही तो गढ़ रोड का माहौल जल्द सुधर जाएगा।







Post a Comment