News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - देहात थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पुलिस महकमे को गहरे सदमे में डाल दिया। हाफिजपुर थाने में तैनात कम्प्यूटर ऑपरेटर सोनू कुमार की कार, गढ़ रोड पर बिना लाइट के खड़े एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और सोनू की मौके पर ही मौत हो गई।
मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के थाना भौराकला के गांव सदरुद्दीननगर निवासी सोनू वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश पुलिस में कम्प्यूटर ऑपरेटर पद पर भर्ती हुए थे। हादसे की सूचना पर हापुड़ देहात थाने के प्रभारी विजय गुप्ता, हाफिजपुर थाने के प्रभारी आशीष कुमार, सीओ सिटी जितेंद्र शर्मा और सीओ पिलखुवा अनीता चौहान मौके पर पहुंचे।
कार में फंसे शव को बाहर निकालने के लिए पुलिस को गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पूरी जानकारी ली। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। सोनू के परिजनों को जैसे ही सूचना मिली, वे तत्काल हापुड़ के लिए रवाना हो गए। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंपा जाएगा। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार, सहकर्मियों और पुलिस महकमे को गहरे दुःख में डूबो दिया है।







Post a Comment