News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - जिले के पुलिस महकमे ने रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में अपने एक कर्मठ साथी को हमेशा के लिए खो दिया। हाफिजपुर थाने में तैनात कम्प्यूटर ऑपरेटर सोनू कुमार पुत्र योगेंद्र सिंह, निवासी ग्राम सदरुद्दीननगर, थाना भौराकला, जनपद मुजफ्फरनगर, की दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस दुखद समाचार से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
सोमवार को पुलिस लाइन हापुड़ में उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह स्वयं वहां पहुंचे और दिवंगत आत्मा के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और कहा "सोनू एक निष्ठावान और मेहनती पुलिस कर्मी थे। उनकी असामयिक मृत्यु से विभाग ने एक योग्य और ईमानदार साथी खो दिया है। इस कठिन समय में पूरा पुलिस परिवार उनके परिजनों के साथ खड़ा है।"
सीओ सिटी जितेंद्र शर्मा, सीओ पिलखुवा अनीता चौहान, हापुड़ देहात थाने के प्रभारी विजय गुप्ता, हाफिजपुर थाने के प्रभारी आशीष कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी व जवानों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान माहौल गमगीन रहा और हर किसी की आंखें नम थीं।
अंतिम सलामी देने के बाद, सोनू कुमार के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस कर्मियों ने शोकसभा में दो मिनट का मौन रखकर उनके योगदान को याद किया।
सोनू वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश पुलिस में कम्प्यूटर ऑपरेटर पद पर भर्ती हुए थे और अपनी लगन व मेहनत से सहकर्मियों के बीच एक अलग पहचान बनाई थी। उनके असामयिक निधन ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे पुलिस महकमे को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है।







Post a Comment