News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - सिंभावली थाना क्षेत्र के औरंगाबाद गांव में शनिवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना ने माहौल तनावपूर्ण कर दिया। गांव से गुजर रहे एक अज्ञात व्यक्ति को ग्रामीणों ने संदिग्ध मानकर 'चोर-चोर' का शोर मचा दिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और 30 से अधिक लोगों ने युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी।
जानकारी के मुताबिक, घटना 9 अगस्त की सुबह हुई। भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने डंडों और लात-घूंसों से युवक पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। तभी गांव के चौकीदार सद्दाम वहां पहुंचे और हिम्मत दिखाते हुए घायल युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। उन्होंने तुरंत उसे थाना सिंभावली पहुंचाकर पुलिस के हवाले कर दिया।
चौकीदार सद्दाम ने थाने में तहरीर देकर बताया कि युवक को बेकसूर होते हुए भी भीड़ ने मारपीट कर घायल कर दिया। उनकी शिकायत पर पुलिस ने 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सीओ गढ़मुक्तेश्वर वरुण मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और उसकी हालत गंभीर है। उन्होंने कहा "किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। संदिग्ध व्यक्ति मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त और सख्त कर दी गई है।







Post a Comment