Top News

सलाई गांव में विवाद के बाद दो भाइयों की पिटाई, आरोपियों पर मुकदमा


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के ग्राम सलाई में मामूली कहासुनी के बाद मारपीट की घटना ने तनाव का माहौल पैदा कर दिया। आरोप है कि गांव के तीन लोगों ने टेम्पो चालक और उसके भाई को डंडे व मुक्कों से पीटकर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

ग्राम सलाई निवासी शकील का कहना है कि वह रोज की तरह सलाई अड्डे पर खड़ा था। इसी दौरान गांव के आरिफ, खुशी और हसनैन वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए आरोप लगाने लगे कि वह उनके भाई शाह आलम का विरोध करता है। बात बढ़ी तो आरोपियों ने शकील पर हमला कर दिया।


शोर सुनकर उसका भाई नौशाद मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा, लेकिन आरोपियों ने उसे भी निशाना बना लिया। डंडों और मुक्कों से हुई पिटाई में दोनों भाई घायल हो गए। आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से भाग निकले।

थाना हापुड़ देहात प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा "जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।"

पुलिस ने दोनों घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण करवाया है और मामले में आगे की कार्यवाही जारी है।






Post a Comment

Previous Post Next Post