Top News

जिम से लौट रहे युवक पर बाइक सवारों ने चलाई गोलियां, अस्पताल में भर्ती


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र में सोमवार की शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने जिम से लौट रहे युवक पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और मौके पर तीन थानों की फोर्स तैनात कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, त्यागी नगर निवासी अतुल त्यागी रोजाना की तरह सोमवार शाम जिम से कसरत कर अपने घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान जैसे ही वह स्वर्गाश्रम रोड स्थित वासु गार्डन के पास पहुंचा, तभी अचानक बाइक पर आए दो युवकों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते बदमाशों ने पिस्टल निकालकर अतुल पर फायर झोंक दिया। गोली लगने से वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।

आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायल युवक को संभाला और तुरंत देव नंदिनी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की खबर जंगल की आग की तरह फैल गई और पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई।


मौके पर सीओ सिटी जितेंद्र कुमार शर्मा, थाना देहात प्रभारी विजय कुमार गुप्ता, नगर कोतवाली प्रभारी मुनेश प्रताप सिंह, तथा हाफिजपुर प्रभारी आशीष पुंडीर पुलिस बल के साथ पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वर्गाश्रम रोड पर आए दिन असामाजिक तत्व घूमते रहते हैं, जिससे लोगों में डर बना रहता है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर गश्त तेज कर दी है और अस्पताल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।







Post a Comment

Previous Post Next Post