Top News

33 केवी लाइन पर काम करते समय लाइनमैन करंट की चपेट में आया, दिल्ली रेफर

 


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ छावनी क्षेत्र स्थित बिजलीघर में सोमवार सुबह कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। बिजलीघर में तैनात लाइनमैन दुष्यंत 33 केवी लाइन पर मरम्मत का काम कर रहा था, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह झुलसकर नीचे गिर पड़ा। साथी कर्मचारियों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया।

शटडाउन लेने के बावजूद हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, बाबूगढ़ छावनी बिजलीघर में सुबह-सुबह 33 केवी लाइन में तकनीकी खराबी आ गई थी। जिसके चलते बिजलीघर के कर्मचारियों ने शटडाउन लेकर मरम्मत कार्य शुरू किया। लाइनमैन दुष्यंत बिजली की तारों पर काम कर ही रहा था कि अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया और वह बुरी तरह झुलस गया।

आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया

हादसा होते ही बिजलीघर में अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह घायल को नीचे उतारा और तत्काल देव नंदिनी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया।


अधिकारियों ने साधी चुप्पी

घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और पूरी स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, अधिशासी अभियंता आशीष कौशल ने इस संबंध में मीडिया से कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया।

कर्मचारियों में रोष

इस हादसे के बाद बिजलीघर के कर्मचारियों में आक्रोश देखने को मिला। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा उपकरण और पूरी सावधानी बरती जाती तो इस तरह की घटना न होती। कर्मचारियों ने विभागीय लापरवाही को भी हादसे का जिम्मेदार ठहराया।






Post a Comment

Previous Post Next Post