News Expert - Sushil Sharma
धार्मिक स्थल पर अतिक्रमण से तनाव, चारदीवारी बनाने पर भूमाफिया करते हैं विरोध
हापुड़। दिल्ली रोड स्थित श्रीराम लीला समिति हापुड़ ने रामलीला मैदान और आसपास हो रहे अवैध कब्जों व दुकानों के खिलाफ प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। समिति का कहना है कि धार्मिक स्थल के आसपास कुछ दबंगों और भूमाफियाओं ने रास्ते बंद कर अवैध गेट लगा दिए हैं और मीट-मुर्गे की दुकानें खोल रखी हैं। यह सब न केवल धार्मिक आस्थाओं के साथ खिलवाड़ है, बल्कि रामलीला मैदान की सुरक्षा के लिए भी खतरा है।
https://youtu.be/pMwsxGdVVZQ?si=uYzXAtcZZgszqUBZ
धार्मिक आयोजन से जुटती है समिति की आय
रामलीला समिति का कहना है कि संस्था एक धार्मिक संगठन है और उसके पास किसी प्रकार का स्थायी आय का स्रोत नहीं है। समिति प्रत्येक रविवार श्रीराम साप्ताहिक बाजार आयोजित करती है। इससे होने वाली आय और श्रद्धालुओं के दान से ही मैदान का रख-रखाव, रामलीला का मंचन और श्रीराम मंदिर का संचालन होता है।
भूमाफिया कर रहे अवैध कब्जा
समिति ने आरोप लगाया कि रामलीला मैदान से सटे खसरा संख्या 414 (बंजर भूमि) और रास्तों पर भूमाफियाओं ने कब्जा कर गेट बना लिए हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने मीट और मुर्गे की दुकानें भी खोल दी हैं। समिति का कहना है कि जब भी वे मैदान को सुरक्षित करने के लिए चारदीवारी या बाउंड्री बनाने की कोशिश करते हैं तो ये लोग झगड़ा करने लगते हैं और काम रुकवा देते हैं।
सुरक्षा के लिए चारदीवारी जरूरी
समिति का कहना है कि धार्मिक स्थल को सुरक्षित रखने के लिए चारदीवारी अत्यंत जरूरी है। लेकिन भूमाफियाओं के विरोध और दबंगई के चलते अब तक यह संभव नहीं हो पाया है। समिति ने आशंका जताई कि यदि इस पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो धार्मिक स्थल की पवित्रता पर संकट गहराता जाएगा।
डीएम ने दिए जांच कर कार्यवाही के आदेश
जिलाधिकारी अभिषेक पांडे और रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विनोद वर्मा और महामंत्री उमेश अग्रवाल की इस विषय में करीब 30 मिनट वार्ता हुई जिसका निष्कर्ष ये निकला कि जिलाधिकारी ने नगरपालिका ईओ को रामलीला मैदान से डंपिंग ग्राउंड हटाने और साफ सफाई रखने के आदेश दिए और रामलीला में स्थित मीट की दुकानों की जांच कर कार्यवाही करने के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा अतिक्रमण पर तुरंत कार्यवाही करें।
रामलीला समिति ने जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि एक संयुक्त टीम का गठन कर दिल्ली रोड धर्मकांटे से लेकर रामलीला मैदान गेट नंबर-2 तक फैले अवैध निर्माण, गेट, मीट की दुकानों और खोखों को तत्काल हटवाया जाए।







Post a Comment