News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - फ्री गंज रोड स्थित एक पिज्जा कैफे में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती का भाई अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और प्रेमी युगल पर हमला बोल दिया। आरोप है कि युवक पर लोहे की रॉड से वार किए गए और बाल पकड़कर घसीटते हुए बाहर निकाला गया। हमले में युवती को भी नहीं छोड़ा गया और उसकी भी पिटाई की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय एक युवती अपने मित्र के साथ कैफे में बैठकर पिज्जा खा रही थी। तभी अचानक युवती का भाई तीन-चार साथियों के साथ वहां आ धमका। बिना कुछ कहे उसने लोहे की रॉड से युवक पर कई बार प्रहार किया। हमलावर यहीं नहीं रुका, उसने युवक के बाल पकड़कर कैफे से बाहर खींच लिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई युवती को भी थप्पड़ और मुक्के मारे गए।
अचानक हुई इस घटना से कैफे में मौजूद अन्य ग्राहक डर के मारे बाहर भाग खड़े हुए। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। कोतवाली प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में किसी पक्ष ने अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। फिर भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।







Post a Comment