News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान में ग्राम श्यामपुर का माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया। हापुड़ देहात थाना प्रभारी विजय कुमार के नेतृत्व में प्राइमरी विद्यालय श्यामपुर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय में पढ़ने वाले सभी बच्चों को निशुल्क राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा वितरित किए गए।
कार्यक्रम के बाद बच्चों ने हाथों में लहराते तिरंगे लेकर पूरे गांव में जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान देशभक्ति के गीतों और नारों से पूरा ग्राम गूंज उठा—“वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के उद्घोष से माहौल भावुक और उत्साहपूर्ण हो गया।
थाना प्रभारी विजय कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों और बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य हर नागरिक में देशभक्ति की भावना जगाना और तिरंगे के सम्मान को हृदय में बसाना है। तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है, जिसे हमें सदैव सम्मान देना चाहिए।”
गांव के बुजुर्ग, महिलाएं और युवा भी इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल हुए। बच्चों में तिरंगा पाने की खुशी देखते ही बन रही थी। रैली के अंत में ग्रामीणों से अपील की गई कि 15 अगस्त को सभी लोग अपने घरों पर तिरंगा अवश्य फहराएं और अभियान को सफल बनाएं।







Post a Comment