Top News

50 हजार की रिश्वत लेते जेई दबोचा, एई ने लगाई दौड़

 


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एंटी करप्शन मेरठ की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी कर दी। टीम ने जेई अशोक कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि एई संजय कुमार मौके से भाग निकला।

सूत्रों के अनुसार, एंटी करप्शन को शिकायत मिली थी कि विभाग में तैनात एई और जेई एक ठेकेदार से भुगतान जारी करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायतकर्ता संदीप कुमार, जो पेशे से ठेकेदार हैं, ने बताया कि उन्होंने 4.50 लाख रुपये का टेंडर कार्य पूरा किया था। जून में काम खत्म होने के बावजूद 3.36 लाख रुपये का ही भुगतान हुआ, जबकि बाकी रकम रोक दी गई। आरोप है कि भुगतान जारी करने के लिए दोनों अफसर लगातार 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे।


शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को जाल बिछाया। योजना के तहत ठेकेदार ने तय रकम जेई अशोक कुमार को दी, जिसे टीम ने मौके पर ही दबोच लिया। इस दौरान एई संजय कुमार हड़कंप का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घटना की सूचना पर बाबूगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची और गिरफ्तार जेई को थाने ले जाया गया। एंटी करप्शन की टीम फरार एई की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।






Post a Comment

Previous Post Next Post