Top News

होमगार्ड पर लाखों की कमेटी घोटाले का आरोप, परिवार समेत फरार


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़। जनपद में तैनात एक होमगार्ड पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने कई लोगों से कमेटी के नाम पर मोटी रकम जमा कराई और फिर परिवार समेत फरार हो गया। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।

36 लोगों से हर माह लिए 10-10 हजार रुपये

जानकारी के अनुसार, होमगार्ड योगेंद्र कुमार ने जुलाई 2022 में एक कमेटी शुरू की थी। इसमें 36 लोगों को जोड़ा गया। हर सदस्य से प्रतिमाह 10 हजार रुपये जमा कराए जाते थे। योगेंद्र ने सभी को भरोसा दिलाया था कि तीन साल पूरे होने पर प्रत्येक सदस्य को चार लाख रुपये लौटाए जाएंगे।

नकद और ऑनलाइन दोनों तरह से लेता था पैसे

आरोप है कि योगेंद्र ने शुरुआत में लोगों का विश्वास जीतने के लिए रकम नकद और ऑनलाइन दोनों तरीकों से ली। इसके बाद उसने कुछ और नई कमेटियां भी शुरू कर दीं। लेकिन समय पूरा होने से पहले ही वह अचानक लापता हो गया।


झूठा निकला पता

पीड़ितों ने बताया कि जब वे योगेंद्र से पैसे मांगने गए तो वह अपने परिवार के साथ घर से गायब मिला। जांच में पता चला कि आरोपी ने पुलिस विभाग को दिनेश नगर का जो पता दिया था, वह भी झूठा निकला।

पीड़ितों ने दर्ज कराई शिकायत

परेशान पीड़ितों ने पिलखुवा कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली प्रभारी पटनीश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार होमगार्ड की तलाश की जा रही है।

लोगों में गुस्सा

इस घटना से क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है। पीड़ितों का कहना है कि सरकारी नौकरी में रहते हुए इस तरह लोगों के खून-पसीने की कमाई हड़प लेना गंभीर अपराध है। वे आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।






Post a Comment

Previous Post Next Post