News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - मेरठ रोड स्थित दीवान पब्लिक स्कूल के सामने मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार वैगनआर कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार चालक को बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि कार डिवाइडर की दूसरी ओर न जाकर झुग्गियों की ओर नहीं गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
जोरदार धमाके से दहले लोग
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार इतनी तेज रफ्तार से आई कि अचानक डिवाइडर से भिड़ते ही जोरदार धमाका हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का सेफ्टी एयर बैग खुल गया। हादसे के बाद झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोग घबराकर बाहर निकल आए और चालक को कार से निकालने लगे।
चालक निकला नशे में
लोगों ने जब चालक को बाहर निकाला तो वह शराब के नशे में धुत्त पाया गया। उसे सड़क किनारे बैठाकर पुलिस को सूचना दी गई। भीड़ में मौजूद लोगों ने बताया कि अगर कार डिवाइडर से न टकराती और सीधा झुग्गियों की तरफ चली जाती तो कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
जाम में फंसे लोग
हादसे के बाद दोनों ओर से यातायात पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। भीषण गर्मी में सड़क पर लंबा जाम लग गया और वाहन रेंग-रेंगकर अपने गंतव्य तक पहुंचे। कई वाहन चालक जाम में देर तक फंसे रहे।
पुलिस ने हटवाई क्षतिग्रस्त कार
सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। बीच सड़क में खड़ी क्षतिग्रस्त कार को तुरंत क्रेन बुलाकर किनारे लगवाया गया। पुलिस ने चालक से पूछताछ की और आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी।
गनीमत से टला बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि गनीमत रही कि कार डिवाइडर की ओर गई। अगर कार का रुख झुग्गियों की ओर होता तो कई लोग उसकी चपेट में आ सकते थे। हादसे के बाद से क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।







Post a Comment