Top News

घर में घुसे चोर, लाखों की नकदी और आभूषण पर किया हाथ साफ


News Expert - Aarif Kassar

हापुड़। धौलाना थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलेड़ा में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। पीड़ित परिवार ने किसी नजदीकी व्यक्ति पर शक जताया है।

अलमारी से उड़ाए 14 लाख रुपये और 10 तोला सोना

ग्राम पिपलेड़ा निवासी इस्माइल पुत्र याकूब ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11 बजे वह घर के सभी दरवाजे बंद कर सोने चला गया था। उसका बेटा और बहू घर के एक हिस्से में सो रहे थे। बुधवार सुबह जब परिवार के लोग उठे तो घर में अलमारी खुली मिली और सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी से करीब 14 लाख रुपये नकद, 10 तोला सोना और चांदी के जेवरात गायब हैं।

प्लॉट बेचकर घर में रखा था कैश

पीड़ित इस्माइल ने कुछ दिन पहले ही एक प्लॉट बेचा था, जिसकी रकम उसने घर पर ही रख ली थी। उसे शक है कि किसी नजदीकी परिचित को इस नकदी की जानकारी थी और उसी ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।

पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घर से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य एकत्र किए। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और चोरी का जल्द खुलासा करने के लिए पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर दी गई है।






Post a Comment

Previous Post Next Post