Top News

आबकारी इंस्पेक्टर पर रोडरेज का आरोप, अधिवक्ता से की बदसलूकी – एफआईआर दर्ज


NEWS EXPERT - SUSHIL SHARMA 

हापुड़ - जिले में तैनात एक आबकारी निरीक्षक पर रोडरेज और अभद्रता का गंभीर आरोप लगा है। मामला प्रकाश में आने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने अधिवक्ता की शिकायत पर आरोपी निरीक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला

यह घटना 23 अगस्त की दोपहर की बताई जा रही है। अधिवक्ता कौशल शिशौदिया अपने बहनोई अर्जुन राघव के साथ कार से जा रहे थे। जब उनकी गाड़ी आनंद विहार स्थित आरोग्य अस्पताल के पास पहुंची तो पीछे से आ रही एक कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से अधिवक्ता की कार क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित का आरोप है कि कार चला रहा व्यक्ति हापुड़ आबकारी विभाग में तैनात निरीक्षक हिमांशु कर्दम था। टक्कर के बाद उसने न सिर्फ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि अपनी पहचान बताते हुए धमकाया कि शिकायत करने पर भी उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।


पुलिस तक पहुंची शिकायत

पीड़ित अधिवक्ता ने तत्काल कोतवाली नगर में जाकर शिकायत दी, लेकिन वहां उन्हें केवल आश्वासन देकर लौटा दिया गया। निराश होकर अधिवक्ता ने सीधे पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह से गुहार लगाई।

एसपी के हस्तक्षेप के बाद कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी निरीक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस की सफाई और कार्रवाई

इस संबंध में सीओ सिटी जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








Post a Comment

Previous Post Next Post