Top News

दहेज और उत्पीड़न से परेशान महिला को घर से निकाला, पति ने कहा तीन तलाक


NEWS EXPERT - SUSHIL SHARMA 

हापुड़ - हाफिजपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, मारपीट और अश्लील हरकतों का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि दहेज से असंतुष्ट पति और ससुरालजन उसे लगातार प्रताड़ित करते रहे। विरोध करने पर न केवल उसे तीन बच्चों समेत घर से निकाल दिया गया, बल्कि पति ने सार्वजनिक रूप से तीन बार तलाक कहकर रिश्ता तोड़ने की भी कोशिश की। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पांच लाख की मांग, दो लाख पहले ही ले चुके

पीड़िता के पिता ने बताया कि शादी के समय दान-दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त पांच लाख रुपये की मांग करता रहा। मना करने पर गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। कई बार दबाव बनाकर दो लाख रुपये भी वसूल किए गए। आरोप है कि पति शराब और नशे की हालत में आए दिन पीटाई करता था।

जेठ-देवर पर गंभीर आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि 30 जुलाई को जब वह घर पर अकेली थी तो उसका जेठ चाकू की नोक पर जबरन दुष्कर्म का प्रयास करने लगा और धमकी दी कि किसी को बताया तो जान से मार देगा। वहीं, 18 अगस्त को देवर ने अश्लील हरकत कर उसके कपड़े तक फाड़ दिए और जबरन अर्धनग्न कर दिया। शिकायत करने पर पति और सास ने दुपट्टे से गला घोंटने की कोशिश की, जिससे वह बेहोश हो गई।

बच्चों सहित घर से निकाला

होश आने पर शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। आरोप है कि इसके बाद ससुरालजन ने मारपीट कर पीड़िता और उसके तीनों बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया। बेबस महिला अपने मामा के घर पहुंची।

पति ने दिया तीन तलाक

महिला के मुताबिक 24 अगस्त को पति वहां पहुंचा और उसे मारते-पीटते हुए तीन बार "तलाक" कहकर रिश्ता खत्म करने का ऐलान कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हुए तो आरोपी धमकी देकर भाग निकले।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

एसपी के आदेश पर हाफिजपुर थाना पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






Post a Comment

Previous Post Next Post