News Expert - Sushil Sharma
हापुड़। जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुंवर ज्ञानंजय सिंह को सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक मिलने पर पूरा जिला गौरवान्वित है। इसी कड़ी में अपना समाज सामाजिक संगठन ने मंगलवार को एसपी का सम्मान कर अपनी खुशी जाहिर की।
संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एसपी को गौतम बुद्ध की प्रतिमा और साफा भेंट कर अभिनंदन किया। इस दौरान माहौल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि यह गौरव सिर्फ पुलिस अधीक्षक का ही नहीं, बल्कि पूरे हापुड़ जिले का है।
गौरतलब है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मेरठ में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर ने राष्ट्रपति की ओर से यह पदक और प्रशस्ति पत्र एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह को प्रदान किया था। यह सम्मान उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और समाज में पुलिस की सकारात्मक भूमिका को दर्शाता है।
समाजसेवियों ने जताया गर्व
इस कार्यक्रम में अपना समाज सामाजिक संगठन के पदाधिकारी, समाजसेवी एवं शिक्षक ललित कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। ललित कुमार ने कहा कि राष्ट्रपति पदक मिलना न केवल एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह की मेहनत और ईमानदारी की पहचान है, बल्कि जिले के पूरे पुलिस बल के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान युवाओं को भी प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर जतिन आजाद, नरेंद्र कुमार, अरविंद कुमार और सचिन सहित संगठन के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर एसपी के उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना की।






Post a Comment