Top News

बस स्टैंड के बाहर डग्गामार वाहनों का कब्ज़ा, एआरएम ने खुद संभाली कमान



News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - नगर के मेरठ रोड स्थित रोडवेज बस स्टैंड के बाहर लंबे समय से डग्गामार व निजी वाहनों का जमावड़ा यात्री सुविधा में बाधा बन रहा है। ये वाहन न केवल अवैध रूप से सवारियां बैठाते हैं बल्कि क्षमता से अधिक लोगों को ठूस-ठूसकर ले जाते हैं। कई बार तो यात्रियों को वाहनों के पीछे लटककर सफर करना पड़ता है, जिससे उनकी जान जोखिम में रहती है।

पूर्व में तत्कालीन एसपी अभिषेक वर्मा ने कड़ी कार्रवाई कर इन अवैध वाहनों के संचालन पर रोक लगाई थी, लेकिन हाल के दिनों में यह कारोबार फिर से परवान चढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए अब रोडवेज के एआरएम हेमंत मिश्रा ने मोर्चा संभाल लिया है।

डग्गेमार वाहनों का आतंक देख एआरएम अपनी टीम के साथ बस स्टैंड पहुंचे और वहां खड़े अवैध टैक्सी व डग्गामार बसों को हटवाया। उन्होंने चालकों को सख्त चेतावनी दी कि एक किलोमीटर के दायरे में किसी भी तरह का निजी स्टैंड या ठहराव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अवैध ठहराव के कारण रोडवेज को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है, क्योंकि बस स्टैंड आने वाले यात्री बीच रास्ते से ही निजी वाहनों में बैठा लिए जाते हैं।


एआरएम ने इस समस्या को लेकर एआरटीओ और पुलिस प्रशासन को पहले भी अवगत कराया था, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने पर उन्हें खुद मैदान में उतरना पड़ा। कार्रवाई के रोडवेज कर्मचारी भी उनके साथ मौजूद थे, जिससे टैक्सी व बस चालकों में हड़कंप मच गया।

सीओ वरुण मिश्रा ने कहा कि पुलिस टीम के सहयोग से अवैध टैक्सी स्टैंड और डग्गामार वाहनों पर अभियान चलाया जाएगा। साथ ही बस स्टैंड के आसपास रुकने वाली बसों और निजी वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की।


Post a Comment

Previous Post Next Post