Top News

सड़क पर लाठी-डंडों से हुई मारपीट, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय


News Expert - Sushil Sharma 

गढ़मुक्तेश्वर - गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के बृजघाट फव्वारा चौक पर मंगलवार को दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ युवकों ने सड़क पर लाठी-डंडे चलाना शुरू कर दिया। यह घटना गंगा स्नान से लौट रहे श्रद्धालुओं और राहगीरों की मौजूदगी के बीच हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।



मामूली विवाद से हुई भड़की झड़प

जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच मामूली कहासुनी के चलते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लाठी-डंडों से मारपीट शुरू होने पर श्रद्धालु और वाहन चालक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए। कई लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर भागने को मजबूर हुए।

वीडियो ने उजागर किया हंगामा

घटना का एक वीडियो किसी स्थानीय ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि युवक सड़क पर लाठी-डंडे चला रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग डर के मारे भाग रहे हैं।


पुलिस ने की कार्रवाई

वायरल वीडियो के बाद गढ़ कोतवाली पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इलाके में नियमित गश्त बढ़ाई जाएगी ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

स्थानीय लोगों की चिंता

स्थानीय लोगों का कहना है कि फव्वारा चौक पर गंगा स्नान के समय हमेशा भीड़ रहती है इस कारण मामूली विवाद भी बड़े संघर्ष में बदल जाता है।







Post a Comment

Previous Post Next Post