Top News

पुलिस परिवार संग मनाई जन्माष्टमी, भक्ति व उल्लास से सराबोर हुआ पुलिस लाइन परिसर


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पुलिस लाइन परिसर में बड़े ही धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अभिषेक पांडे एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना के साथ किया। इस दौरान संपूर्ण परिसर भक्ति और श्रद्धा से गूंज उठा।

कार्यक्रम में पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें श्रीकृष्ण भक्ति गीतों और झांकियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर सहित अन्य अधिकारीगण एवं पुलिस परिवारजन मौजूद रहे।


इसी क्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वैलफेयर एसोसिएशन (वामा सारथी) अध्यक्षा मीना सिंह के तत्वावधान में पुलिस परिवार के बच्चों के मध्य फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। छोटे-छोटे बच्चों ने राधा-कृष्ण, बलराम, सुदामा सहित विभिन्न पौराणिक पात्रों का रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को निखारते हैं और उनमें आत्मविश्वास पैदा करते हैं। जिलाधिकारी अभिषेक पांडे ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए बच्चों को आशीर्वाद प्रदान किया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन का वातावरण श्रद्धा, उल्लास और भक्ति रस से सराबोर रहा।







Post a Comment

Previous Post Next Post