Top News

सर्राफा व्यापारी से करोड़ों की ठगी का आरोप, मां-बेटे पर केस दर्ज


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - जनपद के सर्राफा बाजार में एक बड़ी ठगी का मामला प्रकाश में आया है। यहां गंगा मार्केट स्थित एक प्रतिष्ठित ज्वैलर्स ने अपने पुराने ग्राहकों पर ही लाखों रुपये मूल्य का सोना हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गंगा मार्केट में गोयल ज्वैलर्स के स्वामी कुश गोयल ने बताया कि छज्जूपुरा निवासी प्रमोद कंसल और उनका बेटा आकाश कंसल लंबे समय से उनके यहां आभूषण तैयार करवाने का काम कराते थे। इसी सिलसिले में उन्हें कई बार सोना दिया गया।

कुश गोयल का आरोप है कि प्रमोद कंसल के निधन के बाद भी उनके परिवार के पास करीब 2086 ग्राम सोना बकाया रह गया। इस संबंध में कई बार रकम या सोना लौटाने की मांग की गई, लेकिन आरोपी आकाश कंसल और उसकी मां विनीता कंसल टाल-मटोल करते रहे।


व्यापारी का कहना है कि जब उन्होंने सख्ती दिखाई तो मां-बेटे ने न सिर्फ अभद्रता की बल्कि झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी। इससे परेशान होकर उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आकाश और विनीता कंसल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।






Post a Comment

Previous Post Next Post