News Expert - Sushil Sharma
एसएसवी इंटर कॉलेज के बाहर दौड़ा-दौड़ा कर चले लात-घूंसे, पुलिस चौकी से कुछ ही कदमों की दूरी पर हुआ हंगामा
हापुड़ - जिले में स्कूलों के बाहर छात्रों की अनुशासनहीनता एक गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। कक्षा में जहाँ ये छात्र मासूम और अनुशासित नजर आते हैं, वहीं स्कूल की छुट्टी होते ही उनका व्यवहार पूरी तरह बदल जाता है। सोमवार को एसएसवी इंटर कॉलेज की छुट्टी के बाद छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान छात्रों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए और दौड़ा-दौड़ाकर पिटाई की। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
चौकी के पास हुआ हंगामा
गंभीर बात यह है कि यह पूरा घटनाक्रम एसएसवी पुलिस चौकी से महज कुछ कदमों की दूरी पर हुआ। बावजूद इसके छात्रों पर न तो स्कूल प्रबंधन का खौफ दिखा और न ही पुलिस का डर। चश्मदीदों के अनुसार, छात्रों की इस लड़ाई में कुछ बाहरी युवक भी शामिल हो गए, जिससे माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया।
वीडियो में साफ दिखी गुंडागर्दी
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छात्रों के समूह आपस में भिड़े हुए हैं। लात-घूंसे ही नहीं बल्कि एक-दूसरे को गिराकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जिम्मेदारी पर उठे सवाल
घटना के बाद अभिभावकों और आमजन में सवाल उठने लगे हैं कि स्कूल प्रबंधन बच्चों के अनुशासन पर ध्यान क्यों नहीं दे रहा और पुलिस चौकी के ठीक पास छात्रों की इस गुंडागर्दी को कैसे अनदेखा किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि स्कूल के बाहर नियमित पुलिस गश्त होनी चाहिए ताकि छात्र पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन भी सीखें।
प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्कूल समय में बाहर खड़े होने वाले बाहरी युवकों पर भी सख्ती होनी चाहिए, ताकि छात्र सुरक्षित माहौल में शिक्षा प्राप्त कर सकें। अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की घटनाओं पर तुरंत अंकुश लगाया जाए, अन्यथा यह प्रवृत्ति और खतरनाक रूप ले सकती है।








Post a Comment