Top News

कुत्ते को लेकर बवाल, दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, पांच घायल


News Expert - Ajay Verma 

कपूरपुर - थाना कपूरपुर क्षेत्र के कपूरपुर चौकी अंतर्गत डहाना गांव में रविवार देर रात उस समय विवाद बढ़ गया जब एक पालतू कुत्ता पड़ोसी के घर घुस गया। मामूली सी घटना ने देखते ही देखते इतना बड़ा रूप ले लिया कि दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे चल गए। झगड़े में महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कुत्ते ने खाई मिठाई, बिगड़े हालात

जानकारी के अनुसार गांव निवासी राजकुमार सिंह का पालतू कुत्ता देर रात पड़ोसी अंकुश के घर में चला गया। वहां रखी मिठाई खा ली और खाने-पीने का सामान जूठा कर दिया। इससे गुस्साए अंकुश ने कुत्ते को डंडे से मार दिया। कुत्ते की आवाज सुनकर राजकुमार और उनका परिवार मौके पर पहुंचा। दोनों परिवारों के बीच पहले कहासुनी हुई और उसके बाद मारपीट शुरू हो गई।

महिलाओं समेत पांच लोग घायल

देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे। झगड़े में एक पक्ष से अंकुश, मनोज और संध्यावती जबकि दूसरे पक्ष से शैली और माया घायल हो गईं। सभी को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला और सीएचसी धौलाना में भर्ती कराया।

चार को मेरठ रेफर

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद अंकुश, मनोज, संध्यावती और माया की गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें मेरठ के हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गांव में तनाव

हादसे के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने एहतियातन गांव में गश्त बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।






Post a Comment

Previous Post Next Post