Top News

मौत से खेला आकाश, अब माफी से नहीं बच पाएगा


News Expert - Sushil Sharma 

गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़) सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आने के लिए युवाओं की जान से खेलने की होड़ अब खतरनाक मोड़ लेती जा रही है। गढ़मुक्तेश्वर के मानक चौक निवासी आकाश का ऐसा ही एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें वह पानी की ऊंची टंकी पर लटककर जानलेवा स्टंट करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। वहीं, अब आकाश सोशल मीडिया पर खुद ही वीडियो जारी कर माफी मांग रहा है।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आकाश बिना किसी सुरक्षा के पानी की टंकी पर लटक रहा है और यह सब किसी फिल्मी सीन की तरह शूट किया गया है। यह न केवल गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी है। वीडियो के वायरल होते ही स्थानीय लोगों और अभिभावकों में आक्रोश देखने को मिला।

शासन-प्रशासन से माफी, पर पुलिस सख्त

सोशल मीडिया पर दूसरा वीडियो जारी करते हुए आकाश ने कहा "मेरे द्वारा किया गया स्टंट एक बड़ी गलती थी। मैंने वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिया है और मैं शासन-प्रशासन से हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं। भविष्य में कभी ऐसा नहीं करूंगा।"


मगर गढ़मुक्तेश्वर पुलिस आकाश को इतनी आसानी से माफ करने के मूड में नहीं दिख रही। पुलिस ने युवक की पहचान कर ली है और उसे हिरासत में लेने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।

थाना प्रभारी नीरज कुमार ने दी चेतावनी

गढ़मुक्तेश्वर थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया "ऐसे स्टंट करने वाले युवाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह केवल कानून का उल्लंघन नहीं है बल्कि अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालना भी है। वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी युवक की पहचान कर ली गई है, उसे जल्द ही हिरासत में लेकर विधिक कार्यवाही की जाएगी।"

थाना प्रभारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को ऐसे स्टंट से दूर रखें और सोशल मीडिया पर लाइक व फॉलोअर्स की होड़ में जान गंवाने से बचाएं।

पुलिस ने की अपील

पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि कोई भी इस तरह का स्टंट न करें और न ही ऐसे वीडियो को शेयर करें। यह धारा 188 व 336 जैसी गंभीर धाराओं के तहत अपराध की श्रेणी में आता है। साथ ही, इससे समाज में गलत संदेश भी फैलता है।






Post a Comment

Previous Post Next Post