News Expert - Ajay Verma
पिलखुवा - कोतवाली क्षेत्र के गांव बौड़ा खुर्द में बुधवार को वैवाहिक विवाद के बाद एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।
मृतक की पहचान 24 वर्षीय विजय के रूप में हुई है। तीन साल पहले उसकी शादी पबला रोड, पिलखुवा निवासी तनु से हुई थी। परिजनों के अनुसार, कुछ समय से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी और पत्नी पिलखुवा में रहने का दबाव बना रही थी। बुधवार को इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद विजय ने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया।
परिजन उसे गंभीर हालत में रामा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद विजय ने दम तोड़ दिया। विजय दो भाइयों में छोटा था और मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाता था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि फिलहाल किसी पक्ष से शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।







Post a Comment