News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - थाना बाबूगढ़ क्षेत्र से गुज़र रहे एक कारपेंटर के साथ कार सवार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने कार में बैठाकर उसे गजरौला छोड़ने का झांसा दिया और फिर चलते-चलते उससे बैग, मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गजरौला जाने के लिए बैठा था कार में
बिजनौर जिले के थाना धामपुर क्षेत्र के गांव रायपुर मलूक निवासी सचिन कुमार पुत्र घासीराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मिसलगढ़ी (गाजियाबाद) में कारपेंटर का काम करता है। 28 अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे वह गाजियाबाद से घर जाने के लिए डासना बस/टैक्सी स्टैंड पर पहुंचा। तभी हाईवे पर खड़ी एक ग्रे/सिल्वर रंग की पुरानी कार दिखाई दी। कार में चालक सीट पर करीब 30 साल का युवक बैठा था, जिसने पीली कमीज और आसमानी पैंट पहन रखी थी और चेहरे पर खत-नुमा दाढ़ी थी। गाड़ी में पीछे एक अन्य युवक जींस, टी-शर्ट और कैप लगाए बैठा था।
चालक यात्रियों को मुरादाबाद चलने के लिए आवाज लगा रहा था। सचिन ने उससे गजरौला जाने के बारे में पूछा तो उसने हामी भर दी। इस पर वह कार की अगली सीट पर बैठ गया। थोड़ी देर में दो और युवक आकर कार में सवार हो गए।
पिलखुआ टोल से मोड़ दी कार
पीड़ित के अनुसार, चालक कार को पिलखुआ टोल से पहले ही दाईं ओर मोड़कर फ्लाईओवर के नीचे ले गया। वहां बदमाशों ने सिगरेट व अन्य सामान खरीदा और फिर गाड़ी को आगे बढ़ा दिया। बुलंदशहर जाने वाले फ्लाईओवर के पास चलते-चलते ही कार सवार बदमाशों ने सचिन से उसका नीले रंग का बैग छीन लिया।
मोबाइल और नकदी भी लूटे
बैग में एक पैंट, तीन कमीज और एक लोवर रखा था। इसके अलावा उसकी जेब से ग्रे कलर का सैमसंग मोबाइल (जियो सिम के साथ) और पिछली जेब से 500-500 रुपये के 14 नोट (कुल 7 हजार रुपये) जबरदस्ती निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने सचिन को विस्मिल्ला ढाबे के पास सड़क किनारे उतार दिया और गढ़मुक्तेश्वर की ओर फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
वारदात की सूचना मिलने के बाद थाना बाबूगढ़ पुलिस सक्रिय हो गई है। एडिशनल एसपी विनीत भटनागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








Post a Comment