Top News

हापुड़ में बेखौफ वाहन चोर, राजीव विहार कॉलोनी में सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - शहर की गलियों में वाहन चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि चोर दिनदहाड़े घरों के बाहर खड़े वाहन तक आसानी से चुरा ले जा रहे हैं। ताज़ा मामला स्टेट बैंक राजीव विहार कॉलोनी का है, जहां सीसीटीवी फुटेज में एक शातिर चोर स्कूटी और बाइक चोरी करते हुए कैद हो गया। गनीमत रही कि वाहन मालिक की किस्मत ने साथ दिया और चोरी हुई स्कूटी व बाइक कुछ ही दूरी पर छोड़ दी गईं।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, राजीव विहार कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने अपनी स्कूटी और प्लेटिना बाइक घर के बाहर खड़ी की थी। तभी रात के अंधेरे में एक युवक वहां पहुंचा और रेकी करने लगा। फुटेज में साफ दिखा कि पहले उसने प्लेटिना बाइक को चोरी करने का प्रयास किया। लेकिन बाइक में पंचर होने की वजह से वह कुछ ही दूरी तक उसे खींचकर ले जा पाया और फिर राजीव विहार के अंदर ही छोड़कर चला गया।



इसके बाद चोर दोबारा लौटा और स्कूटी पर हाथ साफ कर दिया। फुटेज में दिखा कि उसने स्कूटी स्टार्ट की और लेकर भागने लगा। कुछ दूरी पर स्कूटी बंद हो गई तो चोर ने उसे खींच-खींचकर आगे बढ़ाने की कोशिश की। हालांकि थकान और परेशानी के चलते वह स्कूटी को ग्रीन वैली कॉलोनी के पास छोड़कर फरार हो गया।

मालिक की किस्मत रही अच्छी

सुबह जब वाहन मालिक को चोरी का पता चला तो उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। बाद में ग्रीन वैली के पास उनकी स्कूटी और राजीव विहार के अंदर ही उनकी बाइक खड़ी हुई मिली। वाहन सही सलामत मिलने से मालिक ने राहत की सांस ली।


पुलिस की कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक युवक साफ दिखाई दे रहा है, जो पहले बाइक और फिर स्कूटी चोरी करता नजर आया। पुलिस ने आरोपी की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है और दावा किया है कि जल्द ही चोर को पकड़ लिया जाएगा।

लगातार बढ़ रही घटनाएं

स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कुछ दिनों में हापुड़ शहर के कई इलाकों से बाइक और स्कूटी चोरी की घटनाएं हुई हैं। इसके बावजूद चोरों के हौसले बुलंद हैं। लोग रात को अपने वाहनों को घर के बाहर खड़ा करने में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।








Post a Comment

Previous Post Next Post