Top News

युवाओं की खतरनाक स्टंटबाजी, रील बनाने की होड़ से बढ़ रहा हादसों का खतरा


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - जिले के कुछ युवाओं पर रीलबाजी का ऐसा जुनून सवार है कि वे सड़क सुरक्षा की परवाह किए बिना लगातार स्टंट करते नजर आ रहे हैं। नेशनल हाईवे-9 पर आए दिन युवक कार और बाइक पर जानलेवा करतब दिखाकर वीडियो बनाते हैं और सोशल मीडिया पर डाल देते हैं। ताज़ा मामला थाना बाबूगढ़ क्षेत्र का है, जहां एक युवक कार से खतरनाक स्टंट करता दिखाई दिया। इस स्टंट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


ट्रैफिक विभाग की सख्ती के बावजूद नहीं रुक रही स्टंटबाजी

हापुड़ ट्रैफिक पुलिस समय-समय पर ऐसे युवकों के खिलाफ कार्रवाई कर भारी-भरकम चालान काट रही है। बावजूद इसके कई युवा कानून को धत्ता बताकर हाईवे को स्टंट का अड्डा बनाए हुए हैं। हैरानी की बात यह है कि वायरल वीडियो में युवक ने स्टंट करते समय कार का नंबर भी छिपा रखा है। इससे साफ है कि वह पुलिस की सख्ती से वाकिफ है, लेकिन इसके बावजूद खतरे के खेल से बाज नहीं आ रहा।


हादसों की आशंका से लोग चिंतित

स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-9 पर लगातार स्टंटबाजी होने से न सिर्फ स्टंट करने वाले युवाओं की जान खतरे में पड़ रही है, बल्कि राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भी इसका खामियाज़ा भुगतना पड़ सकता है। लोग मांग कर रहे हैं कि पुलिस इन स्टंटबाजों पर और कड़ी कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

सोशल मीडिया पर बढ़ रही होड़

युवाओं में सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ इस तरह हावी है कि वे रील बनाने के लिए अपनी जान की बाजी लगाने से भी पीछे नहीं हटते। वीडियो वायरल होने के बाद यह चर्चा का विषय बन गया है कि आखिर पुलिस कब तक और कितनी कड़ी कार्रवाई करेगी।








Post a Comment

Previous Post Next Post