News Expert - Ajay Verma
धौलाना (हापुड़) धौलाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में सोमवार को अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज़ी से भड़की कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री लपटों की चपेट में आ गई। घटना में फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में दिल्ली निवासी राजीव अग्रवाल की प्लास्टिक शीट बनाने की फैक्ट्री संचालित है। सोमवार को फैक्ट्री में अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें और काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना की सूचना पर आसपास अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
सूचना मिलते ही धौलाना व हापुड़ से दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट से हादसा हुआ होगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते दमकल विभाग की गाड़ियां न पहुंचतीं तो आग आसपास की फैक्ट्रियों तक फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।












Post a Comment