News Expert - Sushil Sharma
गढ़मुक्तेश्वर। तीर्थनगरी ब्रजघाट में गंगा स्नान को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और जल का स्तर और बहाव बढ़ रहा है जिसकी वजह से घाट पर बड़ा हादसा होते-बच गया। गंगा आरती स्थल पर स्नान कर रहे एक ही परिवार के सात लोग अचानक गहराई में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद गोताखोरों ने किसी तरह सभी को बाहर निकाला। समय रहते बचाव कार्य न होता तो बड़ा अनहोनी हो सकती थी।
जानकारी के अनुसार, एक परिवार गंगा घाट पर स्नान कर रहा था। इस बीच पैर फिसलने से बच्चे गहरे पानी की ओर चले गए। उन्हें बचाने के प्रयास में बड़े भी गंगा में उतर गए और देखते ही देखते सात लोग डूबने लगे। शोर मचने पर पुलिसकर्मी और गोताखोर तुरंत मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। परिजनों के आंसू छलक पड़े और घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आरती स्थल के पास गंगा तल में लगातार गहराई बढ़ रही है। यहां बना गढ्ढा श्रद्धालुओं के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। पिछले कुछ महीनों में ऐसे कई हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि जिस स्थान पर रोजाना गंगा आरती होती है और बड़ी संख्या में लोग स्नान करते हैं, वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। न तो रस्सियों की घेराबंदी की गई है और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और नगर पंचायत से मांग की है कि घाट की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था तत्काल दुरुस्त की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे टाले जा सकें।









Post a Comment