News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - बाबूगढ़ छावनी क्षेत्र के बागड़पुर रोड निवासी एक व्यापारी ने दो व्यक्तियों पर ठगी का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि शराब के ठेके में साझेदारी कराने के नाम पर उससे 27 लाख रुपये हड़प लिए गए। मामले की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बताया गया कि बागड़पुर रोड निवासी विपिन से जोनी कुमार ने कुछ समय पहले कारोबार में घाटा होने की बात कहकर 27 लाख रुपये उधार लिए थे। बाद में जोनी, अमरीक और विपिन ने मिलकर शराब का ठेका लेने का निर्णय किया। लॉटरी प्रणाली के तहत ठेका जोनी के नाम आया और तीनों ने सात-सात लाख रुपये लगाकर कारोबार शुरू किया।
शुरुआत में सभी ने अपने-अपने हिस्से का काम संभाल लिया। तय हुआ कि बिक्री से होने वाली आमदनी हर आठवें दिन बैंक में जमा की जाएगी। लेकिन जब कारोबार में मुनाफा होने लगा तो आरोप है कि जोनी और अमरीक ने विपिन को बीच से हटा दिया। न तो साझेदारी का कोई लिखित एग्रीमेंट तैयार किया गया और न ही हिसाब-किताब साफ किया गया।
विपिन के अनुसार, रकम वापस करने के लिए जोनी ने उसे 27 लाख का चेक दिया, जो बाउंस हो गया। आरोप है कि समाज के लोगों से मदद लेने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने पांच अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई न होने पर एसपी से गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर पुलिस ने अब दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








Post a Comment