News Expert - Sushil Sharma
हापुड़। शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ रविवार 22 सितंबर से हो चुका है। मां दुर्गा की आराधना के इस पावन पर्व पर भक्त पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ उपवास व पूजन कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए हापुड़ पुलिस ने शहरभर में मीट, मछली और नॉनवेज होटल दस दिनों तक बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। यह व्यवस्था 2 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी।
सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि नवरात्रि के दौरान यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। इस अवधि में मांसाहार से परहेज कर शाकाहारी भोजन और सात्विक वातावरण को प्राथमिकता दी जाती है। इसी कारण सभी मीट व नॉनवेज की दुकानें और होटल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने सभी दुकानदारों और होटल संचालकों को नोटिस जारी कर पालन सुनिश्चित करने को कहा है। खास बात यह रही कि होटल संचालकों ने भी नवरात्रि की आस्था को देखते हुए आदेश का समर्थन किया है।
नवरात्रि में मां दुर्गा की उपासना के साथ सात्विक जीवनशैली पर विशेष जोर दिया जाता है। मांसाहार से परहेज कर लोग पवित्रता और शुद्ध वातावरण बनाए रखते हैं। धार्मिक मान्यता है कि इस दौरान शाकाहार अपनाने से मन और आत्मा अधिक पवित्र होते हैं और साधना का फल भी अधिक मिलता है। इसी कारण कई प्रदेशों में नवरात्रि पर मीट की बिक्री और नॉनवेज होटल बंद रखने की परंपरा रही है।












Post a Comment