News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद पूरे प्रदेश में जातिसूचक शब्दों वाले वाहनों और मोडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में हापुड़ यातायात पुलिस ने शुक्रवार को शहरभर में व्यापक अभियान चलाते हुए सख्त कार्यवाही की।
टीएसआई कामेश सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने तहसील चौराहा, आंबेडकर तिराहा, अतरपुरा चौराहा, पक्केबाग और दिल्ली रोड सहित कई प्रमुख स्थानों पर वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान कई बाइकों और चारपहिया वाहनों पर जातिसूचक शब्द लिखे मिले। पुलिस ने मौके पर ही ऐसे शब्द हटवाए और वाहन मालिकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने कुछ मोटरसाइकिलों में मोडिफाइड साइलेंसर भी पाए, जिनसे तेज़ आवाज़ और धुआं निकल रहा था। टीएसआई कामेश सिंह ने मौके पर ही साइलेंसर उतरवाए और 10 हजार रुपये तक के चालान काटे। पुलिस ने बताया कि ये साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद खतरनाक हैं।
कार्यवाही के दौरान कई वाहन चालक पुलिस से उलझते नज़र आए। कुछ ने अपने सोर्स और रुतबे का हवाला देकर कार्यवाही रोकने की कोशिश की, लेकिन टीएसआई कामेश सिंह ने किसी की एक न सुनी। उन्होंने साफ कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी व्यक्ति को नियम तोड़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
टीएसआई कामेश सिंह ने बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों और तीन सवारी बैठाकर चलने वालों पर भी शिकंजा कसा। उन्होंने ऐसे चालकों को न केवल चालान कर दंडित किया बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। यातायात पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यदि कोई व्यक्ति वाहन पर जातिसूचक शब्द लिखवाता है या मोडिफाइड साइलेंसर लगाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
टीएसआई कामेश सिंह ने कहा “मुख्यमंत्री जी के आदेश के अनुसार यह अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह किसी भी वर्ग या रुतबे का व्यक्ति क्यों न हो।” हापुड़ यातायात पुलिस की इस सख्ती से जहां शहर में जागरूकता बढ़ी है, वहीं लोगों में यह संदेश भी गया है कि सड़क पर अब नियमों की अवहेलना नहीं चलेगी।















Post a Comment